अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीआईए ने गांव डाबड़ा की हिसार स्पीनिंग मिल के कैशियर राजेश पठानिया से 22 दिन पहले बाइक के आगे मोटरसाइकिल लगाकर पिस्टल प्वाइंट पर चार लाख रुपये लूटने की गुत्थी का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंदन नगर का अशोक उर्फ फौजी और दुर्जनपुर का शीशपाल शामिल हैं। वारदात का मास्टरमाइंड मिल का चौकीदार विजय निकला। उसने अपने साथियों से वारदात कराई थी। पुलिस को अब उसकी तलाश है।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर कप्तान सिंह, एएसआई धर्मवीर, राजकुमार, सत्यवान, हेड कांस्टेबल रमेश कुमार, ईश्वर सिंह, बलदेव सिंह और कांस्टेबल अनिल मंगलवार को बालसमंद रोड पर चंदन नगर में गश्त कर रहे थे। तभी एक गली से चंदन नगर का अशोक उर्फ फौजी और दुर्जनपुर का शीशपाल निकले। वे पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उनको पकड़ लिया। पुलिस उनको सीआईए भवन में ले गई। पुलिस ने अशोक उर्फ फौजी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मजदूरी करता है और चंदन नगर में मकान बना रहा है। डाबड़ा रोड की स्पीनिंग मिल में मेरा दोस्त विजय चौकीदार लगा हुआ है। उसके पास हमारा काफी समय से आना-जाना था। मेरे चौकीदार दोस्त ने मुझे बताया था कि हमारा कैशियर राजेश पठानिया आठ जनवरी को सभी कर्मचारियों का वेतन बांटेगा। वह मोटरसाइकिल पर अटैची में रुपये लेकर आएगा। जिस पर मैंने दोस्त गाड़ी चालक शीशपाल और अन्य से मिलकर स्पीनिंग मिल के कैशियर राजेश पठानिया का तोशाम रोड पर पीछा किया था। बाइक के आगे मोटरसाइकिल लगाकर पिस्टल प्वाइंट पर चार लाख की नकदी भरा ब्रीफकेस लूट लिया था। फिर हम कच्चे रास्ते के जरिये बाइक पर कैमरी रोड पर निकलकर शैशव कुंज के पास रेलवे लाइन की झाड़ियों में पहुंचे थे। हम वहां पत्थर से ब्रीफकेस तोड़कर नकदी निकालकर फरार हो गए थे। पुलिस ने देर शाम रेलवे लाइन के पास से टूटा हुआ ब्रीफकेस और दस्तावेज बरामद किए थे। सदर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ रास्ता रोककर पिस्टल प्वाइंट पर लूटपाट करने का केस दर्ज किया था।