अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। गांव राजपुरा के पास जींद-हांसी रोड पर वीरवार सुबह यमुनानगर डिपो की रोडवेज बस पलट गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और किसी सवारी की जान-माल की हानि नहीं हुई। मगर बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें जरूर आई। हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। बजरी से भरे डंपर व कार को भी बस ने टक्कर मारी है। टक्कर लगने से डंपर व कार भी क्षतिग्रस्त हो गए। बस पलटने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण बस की तरफ दौड़े और सवारियों को ड्राइवर साइड की खिड़की से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही नारनौंद पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसी की शिकायत नहीं मिलने के कारण इत्तफाकिया कार्रवाई की गई।
65 यात्री सवार थे बस में
जानकारी के अनुसार सुबह यमुनानगर डिपो की बस हांसी बस स्टैंड से करीब आठ बजकर 20 मिनट पर यमुनानगर के लिए चली। बस में करीब 65 सवारियां सवार थी। बस जब गांव राजपुरा के पास पहुंची तो बस के आगे बजरियों से भरा हुआ एक डंपर जींद की तरफ जा रहा था और सामने जींद की तरफ से एक ऑल्टो कार आ रही थी। बस चालक ने डंपर को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही ऑल्टो कार व डंपर दोनों को टक्कर मार दी। डंपर भी रोड से नीचे उतर गया और बस भी सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। घटना के बाद बस चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए। बस पलटते ही बस की सवारियां चिल्लाने लगी। ग्रामीणों व राहगीरों ने बस पलटी देख सवारियों को बाहर निकालना शुरू किया और घायलों को राहगीरों की गाड़ियों में बिठाकर रवाना किया। ग्रामीणों नेे कड़ी मशक्कत के बाद सवारियों को बस से निकाला और दूसरी बसों को रुकवाकर जींद की तरफ भेजा। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। तीनों वाहन चालकों में से किसी के खिलाफ कोई शिकायत न होने की वजह से पुलिस की तरफ से इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
हमारे आगे बस जा रही थी। जब हम राजपुरा के पास पहुंचे तो बस के आगे एक बजरी से भरा डंपर जा रहा तो अचानक बस चालक ने डंपर को ओवरटेक किया तो सामने से ऑल्टो कार आ गई। इस कारण यह हादसा हुआ है। हमने ग्रामीणों व राहगीरों की मदद से सवारियों को बाहर निकाला। घायल सवारियों को अस्पताल में इलाज के लिए राहगीरों की गाड़ियों में बैठाकर भेजा। वहीं ठीकठाक सवारियों को दूसरी बसों को रुकवाकर उनमें बैठाया। बस चालक की गलती के कारण डंपर व कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
-सुनील बेरवाल, नारनौंद निवासी एवं प्रत्यक्षदर्शी
मैं अपने डंपर में रेती, बजरी व क्रेशर ढोने का काम करता हूं। वीरवार को मैंने अपने डंपर में बजरी भरी हुई थी। जो मैं नारनौंद के गांव कोथ में उतारने जा रहा था। जब राजपुरा के पास पहुंचा तो बस ने ओवरटेक करने के कारण डंपर को टक्कर मार दी और आगे जाकर पलट गई।
-मोनू, निवासी मानकावास, डंपर चालक।
हमें सुबह सूचना मिली थी कि बस पलटी है। हमने मौके पर पहुंचकर सवारियों को बसों में बैठाकर भेज दिया था। किसी भी वाहन चालक ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी है। इस कारण इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
-राजसविंद्र, थाना प्रभारी, नारनौंद।