अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। भादरा रोड स्थित एक गांव में छात्रा की कनपटी पर पिस्टल लगाकर छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज हुआ है। छात्रा की शिकायत पर बालसमंद चौकी पुलिस ने बालसमंद गांव निवासी आरोपी अमित के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि वह नाबालिग है और गांव के स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती हैै। हर रोज शाम को वह कोचिंग लेने के लिए जाती है। घटना के दिन भी वह अपनी चचेरी बहन के साथ शाम को छह बजे के करीब कोचिंग सेंटर से वापस आ रही थी। जब वह और उसकी बहन गांव में बने पंचायत घर के पास पहुंची तो बालसमंद गांव के अमित ने उनके आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने छात्रा की कनपटी पर पिस्टल लगाकर छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जब छात्रा की चचेरी बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने उसको जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने छात्रा से कहा कि अगर उसने उसके साथ दोस्ती नहीं कि तो वह उसके परिवार को जान से मार देगा। मोहल्ले के लोगों के वहां पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गया था। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ करने, जान से मारने की धमकी देने व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है।