51 वर्षीय महिला का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन पर केस दर्ज
हिसार। उकलाना क्षेत्र के एक गांव की 51 वर्षीय महिला का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुुई।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर उसका अपहरण करके खेतों में ले गए और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसको जातिसूचक गालियां दीं। हालांकि पुलिस के मुताबिक महिला ने अपनी मेडिकल जांच करवाने से इनकार कर दिया है। महिला ने बताया कि वह रात करीब दो बजे घर पहुंची और डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। अगले दिन जब बच्चों ने बार-बार पूछा तो उनको सारी बात बताई। इसके बाद थाने में गई और अपने बयान दर्ज करवाए। जांच अधिकारी गुड्डी देवी के अनुसार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन महिला ने मेडिकल जांच करवाने से इनकार कर दिया है। हालांकि अदालत में उसके बयान करवाए गए हैं। उकलाना पुलिस ने इस संबंध में युवक हरीश व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ धारा 376-डी, 376-2एन, 506 व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।