अमर उजाला ब्यूरो
सिवानी मंडी।
गांव मतानी वासी एक शराब कारोबारी घर नहीं मिला तो उनसे रंजिश रखने वाले लोग ठेकेदार के भाई का ही अपहरण कर ले गए। आरोप है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गांव से निकलने के बाद उसे अपहरण करके ले जा रहे बदमाशों की गाड़ियां आपस में टकरा गई जिसका मौका उठाकर वह जान बचाकर भाग निकला। उसका शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे तो बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और उन्हें रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उधर, पुलिस ने गांव में एहतियात के तौर पर चौकसी बढ़ा दी है।
पुलिस को दिए बयान में शराब कारोबारी संदीप के भाई राजेश के अनुसार घटना शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे की है। हथियारों से लैस 10-12 बदमाश दो वाहनों में सवार होकर उसके मतानी स्थित घर पर आए और गालियां देने लगे। घटना के वक्त उसका भाई संदीप घर नहीं था। वह शोर सुनकर घर से बाहर आया तो बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वे उसे जैसे गांव से दूसरे दिशा में ले जाने लगे तो अपहरणकर्ताओं के वाहन आपस में भिड़ गए। इस दौरान वाहनों में सवार लोग नीचे उतरे तो इसका फायदा उठाकर वह मौके से जान बचाकर भागने में कामयाब हो गया। राजेश ने बताया कि हमलवारों ने उसका पीछा भी किया लेकिन मौके पर गांव वालों को अपनी तरफ आता देखकर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद घायल राजेश को ग्रामीणों ने अस्पताल में दाखिल करवाया जहां से पुलिस ने ब्यान लेने के बाद पुलिस ने 15-20 लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
14 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद शनिवार को इस घटना में शामिल 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस संबंध में सुनील, आजाद, मोतीलाल, संदीप, सचिन, अनिल, प्रदीप कुमार, प्रदीप सिंह, विष्णु, संदीप कुमार, संदीप सिंह, प्रमोद, युद्धवीर व रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। झुंपा चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है।
अपहरण से पहले दी जान से मारने की धमकी
इस बारे में शराब कारोबारी संदीप मतानी ने बताया कि शुक्रवार को उनके पास एक नंबर से कॉल आई थी जिसमें शराब बेचने के लिए फ्री में एरिया नहीं देने पर 5 दिन बाद जान से मारने की धमकी दी गई। संदीप ने बताया कि उसके नाम बहल क्षेत्र में शराब के नए ठेके अलॉट हुए हैं और आरोपी चाहते हैं कि वह उसे मुफ्त में शराब बेचने के लिए एरिया दे दे। मना करने पर उसे 5 दिन बाद जान से मारने की धमकी दी गई है।
संदीप को देंगे पूरी सुरक्षा : एसएचओ
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि पुलिस बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मतानी गांव में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी है और अगर संदीप की जान को खतरा है तो पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तैयार है।