अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
लावारिस पशुओं के कारण फिर एक और जान चली गई। मामला बरवाला से उचाना के बीच सपा खेड़ी गांव के पास का है। पुट्ठी गांव की एक महिला कृष्णा देवी अपने दामाद अजय के साथ बाइक पर उचाना की तरफ जा रही थी। रोड पर अचानक लावारिस गाय आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और महिला सड़क पर जा गिरी। हादसे में घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया।
मृतका के परिचितों ने बताया कि सोमवार सुबह कृष्णा अपने दामाद अजय के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से उचाना जा रहे थे। जैसे ही वे सपा खेड़ी गांव के पास पहुंचे तो अचानक सड़क किनारे चल रही गाय बाइक के सामने आ गई। इस कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और कृष्णा सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गहरी चोट लगी। घायल हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।