अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार दोपहर को गांव आर्यनगर के बस अड्डे के पास नवीन मेडिकल हॉल पर छापा मारा। छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम को मेडिकल हॉल से 20 प्रकार की दवाइयां मिली। इसके अलावा सीरिंज भी मिली हैं। टीम ने दवाएं जब्त कर मेडिकल हॉल को सील कर दिया।
ड्रग कंट्रोलर सुरेश चौधरी को सूचना मिली थी कि आर्यनगर गांव में नवीन मेडिकल हॉल पर नशे की दवाएं बिना डॉक्टर की पर्ची के बिक रही हैं। साथ ही संचालक प्रेम कुमार मेडिकल प्रेक्टिस भी करता है। टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर छापा मारा। टीम ने मेडिकल हॉल की तलाशी की। तलाशी के दौरान 20 प्रकार की दवाएं मिली, जिसमें कुछ नशे की हैं। टीम ने संचालक प्रेमकुमार से दवाओं की खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड मांगा। लेकिन वह टीम के सामने कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाया। उसके पास मेडिकल प्रेक्टिस संबंधी कोई मान्य डिग्री भी नहीं मिली। खाली सीरिंज मिलने से टीम सदस्यों को पता चला कि संचालक मेडिकल प्रेक्टिस भी करता है। टीम ने दवाएं जब्त कर मेडिकल हॉल सील कर दिया। संचालक प्रेम कुमार ने लाइसेंस स्वास्थ्य विभाग की टीम को सरेंडर कर दिया। ड्रग कंट्रोलर सुरेश चौधरी ने बताया कि नवीन मेडिकल हॉल सील कर दिया गया है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।