अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पीएलए के शॉपिंग कांप्लेक्स में शुक्रवार बड़े तड़के पांच-छह नकाबपोशों ने पथराव कर पहली मंजिल के फैंसी लाइट के शोरूम रॉयल टच इंटीरियर और दूसरी मंजिल के होटल सिटी हाइट के अगले भाग के शीशे तोड़ डाले। प्रतिष्ठानों के संचालक यश सरदाना ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सेक्टर-16 निवासी यश ने बताया कि कांप्लेक्स के पास के एक चौकीदार ने उनको बताया कि तड़के करीब तीन बजे कृष्णा नगर की तरफ से पांच-छह युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए आए थे। उन्होंने वहां जीने में लगे होटल के शटर को लातें मारी और चिल्लाने लगे। फिर उन्होंने पत्थर फेंककर शीशे तोड़ डाले और भाग गए। उन्होंने बताया कि इस दौरान होटल मैनेजर परमजीत ऊपर था, लेकिन वह पथराव करने वालों की संख्या ज्यादा होने के कारण विरोध नहीं कर पाया। उसे उनके पास हथियार होने का अंदेशा था। उन्होंने बताया कि एक बाइक और कांप्लेक्स में खड़ी एक कार भी हमलावरों के गुस्से का निशाना बनी। हमलावरों ने उनको क्षतिग्रस्त कर दिया। पीएलए चौकी प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ तोड़-फोड़ करने का केस दर्ज किया है।
दो युवकों पर साजिश का संदेह
यश ने बताया कि दो युवकों पर वारदात को अंजाम देने का संदेह है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात आठ बजे दो युवक एक युवती के साथ आए थे। उन्होंने रूम बुक कराना चाहा था। उनसे आईडी मांगी तो वह कहने लगे कि फोन करके मंगवा रहे हैं। यह कहकर उन्होंने रुपये जमा कराकर कमरा बुक किया था। एक युवक उनके पास बैठा था। करीब पौने घंटे बाद दूसरा युवक कमरे में जाने लगा तो फिर आईडी मांगी। इस पर उनमें कहासुनी हो गई थी। उसके बाद वे तीनों जाने लगे और रुपये वापस मांगे। स्टाफ ने यह कहकर रुपये नहीं लौटाए थे कि उन्होंने पौना घंटा कमरा प्रयोग कर लिया।
होटल के गेट पर नहीं सीसीटीवी
जहां पर शीशे तोडे़ गए, उस एरिया में लगे सभी सीसीटीवी खराब हैं। आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी में हमलावरों के चेहरे साफ नहीं आए हैं। पुलिस सीसीटीवी की धुंधली तस्वीरों को छान रही है।