इलाहाबाद से हैकर ने महिला के खाते से उड़ाए पांच हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कैशलेस और ई-ट्रांजेक्शन के बाद साइबर अपराध बढ़ गए हैं। शहर के पटेल नगर एरिया में एक महिला बिमलेश के खाते से हैकर ने अकाउंट और सिक्योरिटी कोड हैक करके पांच हजार रुपये यूपी के इलाहाबाद में ट्रांसफर कर लिए। एनईएफटी के जरिये हैकर ने सुबह आठ बजे रुपये ट्रांसफर किए। जब मामले के बारे में महिला को पता चला तो उन्होंने परिवार के सदस्यों को इसके बारे में जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग बैंक पहुंचे। हालांकि बैंक अधिकारियों से पहले ही उनके जान-पहचान वालों ने इसके बारे में डिटेल निकाल ली। उन्होंने इस बारे में ह्यूमन यूनिटी मिशन (हम) संगठन को सूचना दी तो उन्होंने इंटरनेट के जरिये अधिकांश जानकारी एकत्रित कर ली।
हम के अध्यक्ष ने यह जानकारी बिमलेश के परिजनों को बताई और खुद ही इलाहाबाद के जिस बैंक के खाते में ट्रांजेक्शन हुई, उसके मैनेजर से बात की। मैनेजर ने कहा कि किस खाते में ये रुपये ट्रांसफर हुए, इसके बारे में काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। क्योंकि उनके यहां बैंक में सैकड़ों ट्रांजेक्शन होती है। हम के अध्यक्ष ने खाते के अंतिम चार अंक भी बताए, लेकिन बैंक मैनेजर बता नहीं पाए। उन्होंने ढूंढने का प्रयास करने की बात कही। मामले को लेकर अब खाता धारक ने पुलिस को सूचना दी है।