हिसार। ट्रैक्टर चालक द्वारा टक्कर मारने से पेपर देने जा रहा मिर्जापुर निवासी 19 वर्षीय 10वीं कक्षा का छात्र सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। सोनू के बड़े भाई सुखविंद्र ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर बरवाला जा रहा था। गांव राजली के पास घिराय रोड पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। उस दौरान सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सोनू को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। वहां से सोनू को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।