हिसार। महिला थाना पुलिस ने पीजी में रहने वाली एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने, अश्लील इशारे करने के आरोप में एक युवक को काबू किया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर के एक पीजी में रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह और उसकी सहेली जब कहीं आते-जाते हैं तो न्यू ऋषि नगर निवासी अमित उनको अश्लील इशारे करता है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी अमित उनका पिछले एक माह से भी अधिक समय से पीछा करके तंग कर रहा है। होली की छुट्टी होने के कारण 19 मार्च को वह तथा उसकी सहेली बस स्टैंड की तरफ जा रही थीं तो वह अश्लील इशारे करने लगा। जब छात्रा ने उसे धमकाया तो आरोपी अमित की मां ने उनके कपड़ों के बारे में अपशब्द कहे और धमकाने लगी। छात्रा के अनुसार उसने तुरंत 100 नंबर पर फोन करके शिकायत की तो दुर्गा शक्ति की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को काबू कर लिया। जांचकर्ता एएसआई सीमा के अनुसार आरोपी युवक अमित और उसकी मां पायल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए(1) (4), 354 डी, 34 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी युवक अमित को गिरफ्तार कर लिया गया है।