अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। पुलिस भर्ती की रविवार को हुई परीक्षा के दौरान दूसरे के स्थान पर पेपर देने के मामले में पकड़े पांचों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से चार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि मनोज को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। इस मामले में पुलिस ने फतेहाबाद जिले के सिरढ़ान निवासी सुनील, बाढ़डा निवासी सुरेंद्र, अनूप और कुलदीप, फतेहाबाद के विनोद, चरखी दादरी के हरोड़ी गांव वासी विक्रम व मनोज और भिवानी के लाडावास वासी विनीत गिल के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 168 और 120बी के तहत एफआईआर दर्ज की है।
इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सुनील, विनीत गिल, विक्रम, मनोज और कुलदीप को सोमवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने मनोज को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया, जबकि बाकी चार आरोपियों को जेल भेज दिया।
यह था मामला
रविवार को शहर में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस में पुरुष कांस्टेबल पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। सेक्टर-15 स्थित सेंट सोफिया स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए फतेहाबाद के सुनील को काबू किया था। टीम ने उसे पुलिस को सौंप दिया था। सुनील ने पुलिस को बताया था कि उसने सुबह की शिफ्ट में फतेहाबाद में विक्रम के स्थान पर परीक्षा दी थी। शाम के सत्र में वह हिसार में सेंट सोफिया स्कूल में चरखी दादरी के बाढ़डा निवासी विनीत कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।