अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। 12 लाख की लॉटरी निकलने का लालच देकर पेटीएम के जरिये एक लाख चालीस हजार की ठगी करने का मामला सामने आया हैै। सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में महाबीर कॉलोनी निवासी सींकू ने बताया कि उसके पास करीब एक महीने पहले सतीश नाम के व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उसको उनकी कंपनी की तरफ से जारी लकी ड्रा में 12 लाख का इनाम जीता है। इनाम प्राप्त करने के लिए उसे कुछ कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी व टैक्स का पैसा उसे भुगतान करना पड़ेगा। लॉटरी की बात सुनकर वह उनके झांसे में आ गया और उनके कहे अनुसार पेटीएम के जरिये 70 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर करने के दो दिन बाद भी जब उनके बैंक खाते में पैसे नहीं आए तो उसने वापस उस नंबर पर फोन किया। इस पर सतीश ने बताया कि उनको 70 हजार की राशि और भेजनी पड़ेगी उसके बाद इनाम का पैसा मिल पाएगा। इसके बाद उसने खाते में 70 हजार की राशि और भेज दी। इस तरह से उन्होंने उससे कुल 1.40 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जब वह नंबर बंद आने लगा तो उसे खुद के साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। तब उन्होंने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी। मामले में जांच कर रहे 12 क्वार्टर पुलिस चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नंबर को ट्रेस करवाया जा रहा है।