अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
विजिलेंस की टीम ने मंगलवार शाम को फव्वारा चौक के पास सिंचाई विभाग के ऑफिस में गांव पातन निवासी क्लर्क राकेश कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
पाबड़ा गांव की सुनीता देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके खेत का खाल एक खेत पड़ोसी ने मिट्टी से भर रखा है। उन्होंने इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता के पास अपील की। यह केस विचाराधीन है। वह बार-बार ऑफिस के चक्कर काट रही है। सिंचाई विभाग आदमपुर डिविजन में कार्यरत पातन निवासी क्लर्क राकेश कुमार ने महिला के हक में अपील का फैसला दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। महिला ने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। विजिलेंस ने डीएसपी शरीफ सिंह, इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एसआई धर्मबीर सिंह, एएसआई कृष्ण कुमार व अन्य की एक छापामार टीम गठित कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार हरकेश गुप्ता के साथ सिंचाई विभाग के ऑफिस में भेज दी। क्लर्क राकेश ने शिकायतकर्ता से 2000 के तीन और 500 के 18 नोट पकड़े तो टीम ने इशारा पाकर उसे धर दबोचा। टीम सदस्य उसे पकड़कर विजिलेंस ऑफिस में ले गए। विजिलेंस ने इस संबंध में क्लर्क के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी क्लर्क का नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया गया।