अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्पेशल स्टाफ की टीम ने चंडीगढ़ रोड पर ढाणी प्रेम नगर के पास एक आई-20 कार से 75 किलो डोडा पोस्त बरामद कर दो होटल संचालकों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
स्पेशल स्टाफ के एसआई महेंद्र सिंह, एएसआई कृष्ण कुमार, हेडकांस्टेबल संदीप कुमार, अनूप सिंह, सुभाष व चालक शमशेर सिंह ढाणी प्रेम नगर टी प्वाइंट के पास गश्त कर रहे थे। तभी बरवाला की तरफ से एक आई-20 कार आई। चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर कार रुकवा ली। पुलिस ने कार की डिक्की से पांच कट्टे बरामद किए। इनमें 75 किलो डोडा पोस्त निकला। पुलिस ने कार सवार फतेहाबाद के गांव जांडली निवासी सुनील और कैथल के गांव सोंगरी निवासी अशोक को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर डीएसपी जयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में नशीले पदार्थ का वजन किया गया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों हाईवे पर सतलोक आश्रम से थोड़ा आगे श्रीराम नाम से होटल चलाते हैं। वे आने-जाने वाले ट्रक चालकों को बेचने के लिए गांव लितानी के कुलदीप उर्फ लीला से 75 किलो डोडा पोस्त दो लाख रुपये में खरीदकर लाए थे। वे आई-20 कार में नशीला पदार्थ लेकर बरवाला की तरफ से होटल पर जा रहे थे। वे होटल पर पहुंचने से पहले पकड़े गए। बरवाला थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस उनको शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेगी।