अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर के एक मोहल्ले में 14 साल के एक किशोर ने आठ साल के बालक के साथ एक खाली मकान में कुकर्म का प्रयास किया। आरोपी किशोर छठी और पीड़ित बालक दूसरी कक्षा के छात्र हैं। वे एक स्कूल में पढ़ते हैं। सिटी थाना पुलिस ने कुकर्म के प्रयास और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी किशोर को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया।
शहर के एक मोहल्ले के एक आदमी ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत दी कि उनका आठ साल का बेटा एक प्राइवेट स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र है। वह कई दिनों से गुमसुम था। उन्होंने उससे प्यार से पूछा तो उसने सोमवार को बताया कि मेरे स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ने वाला किशोर मुझे 21 फरवरी को अपने मोहल्ले के एक खाली मकान में ले गया था। उसने वहां उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया था। यही नहीं उसने उससे कहा था कि यह बात किसी को बताई तो तुझे जान से मार दूंगा। वह धमकी के चलते डर गया था। बालक का पिता मामले का पता चलने पर तुरंत पुलिस के पास पहुंचा और एक लिखित शिकायत पुलिस को दी। सिटी थाना पुलिस ने कुकर्म के प्रयास और पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया। एएसआई महेंद्र सिंह की टीम ने मंगलवार शाम को सिटी थाना एरिया में एक जगह छापा मारकर आरोपी किशोर को गिरफ्तार किया।