अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिटी एरिया के एक मोहल्ले की विधवा के साथ गांव खानपुर का मनदीप एक साल से शादी का झांसा देकर संबंध बनाता आ रहा था। यही नहीं उसने उसके पति के एक्सीडेंट के क्लेम की रकम, जेवर भी हड़प लिए। महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म और एससी एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शहर की 27 साल की तीन बच्चों की मां ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। शहर में खानपुर का ड्राइवर मनदीप रहता था। एक साल पहले उसकी जान-पहचान उससे हो गई थी और उसने उसके घर आना-जाना शुरू कर दिया था। सालभर पहले उसने उससे कहा था कि वह उससे शादी करना चाहता है और उसके बच्चों को साथ रखने को तैयार है। उसके बार-बार कहने पर वह शादी करने को तैयार हो गई। उसने शादी का विश्वास दिलाकर उससे संबंध बनाना शुरू कर दिया। बाद में शादी की बात करती तो वह टरका देता था। उसने यह कहकर उससे 90 हजार रुपये और जेवर ले लिए कि मेरे खिलाफ एक्सीडेंट का केस चल रहा है। उसे वकील को रुपये देने हैं। उसने पति के क्लेम के रुपये उसे दे दिए। वह अब चार महीने से उसके पास नहीं आ रहा है। उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। पूछने पर उसके दोस्त सुशील ने बताया कि उसने तो शादी कर ली है।
फोन मिलने पर दूसरी युवती से बताई शादी की बात
युवती ने शिकायत में कहा कि बार-बार संपर्क करने पर उससे मोबाइल फोन पर संपर्क हुआ तो मनदीप ने बताया कि उसने तो शादी कर ली है। यह कहकर उसने उसे जातिसूचक शब्द कहे। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है।