अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। हांसी मार्ग पर पेट्रोल पंप के नजदीक कंस्ट्रक्शन कंपनी की पिकअप और ट्रक में भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में सवार गांव कनौह निवासी पिकअप चालक 45 वर्षीय राजेंद्र व उसके साथी बड़छप्पर निवासी कंपनी कर्मी 40 वर्षीय मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक राजेंद्र के भतीजे सुरेश चंद्र के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रात करीब 1 बजे आ रहे थे वापस
पुलिस को दिए बयान में सुरेश चंद्र ने बताया कि उसके चाचा राजेंद्र अपने साथी मुकेश के साथ किसी काम से हांसी की तरफ गए थे। वीरवार रात करीब सवा एक बजे वह पिकअप में सवार होकर लौट रहे थे। रास्ते में बरवाला की तरफ से हांसी की ओर जा रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। जिसके चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।