चोरी के मामले में दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज
हिसार। सेक्टर-14 में करीब तीन माह पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली दो महिलाओं पर शक है। पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-14 निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उसके घर में करीब तीन माह पहले चोरी हुई थी, जिसका उसे बाद में पता चला। घर से करीब 50 हजार की नकदी और कुछ जेवरात गायब थे। शिकायत में उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली दो महिलाओं ममता और सुषमा पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का शक जाहिर किया। पुलिस ने इन दोनों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल ये दोनों महिलाएं फरार बताई जा रही हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।