अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। डीएन कॉलेज रोड पर बुधवार अल सुबह छह दुकानों के ताले चटकाने के मामले में पुलिस जोर-शोर से तलाश में जुटी है। वीरवार को इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज के अलावा तीन टोल नाकों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली ताकि चोरों द्वारा प्रयोग की गई गाड़ी का सुराग लगाया जा सके। इसके अलावा ऋषि नगर में भी दबिश दी गई।
सिटी थाना पुलिस ने इंचार्ज इंस्पेक्टर मनदीप सांगवान के नेतृत्व में मय्यड़, चिकनवास और चौधरीवास टोल प्लाजा पर जाकर वहां सीसीटीवी फुटेज खंगाली। चोरी में प्रयोग की गई मारुति इको की फुटेज में तलाश की गई। यह जांचा गया कि गाड़ी किसी टोल से तो नहीं गुजरी। इसके अलावा टीम ने ऋषि नगर में भी दबिश दी और वहां ऐसी ही गाड़ी प्रयोग करने वाले दो लोगों से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि ऐसी ही गाड़ी में एक व्यक्ति दूध का काम करता है, जबकि दूसरी आचार के काम में इसी गाड़ी का प्रयोग करता है।
चोरों की तलाश में टोल के सीसीटीवी की चेकिंग की गई है। इसके अलावा ऋषि नगर में भी दो गाड़ियों के मालिकों से पूछताछ की गई है। जांच सही दिशा में जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंच उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर मनदीप सांगवान, एसएचओ, शहर थाना पुलिस।