अमर उजाला ब्यूरो
हांसी। भीषण गर्मी में पानी की समस्या को लेकर सोमवार देर रात दो गांवों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। उपमंडल के गांव ढाणी पीरवाली में रजवाहे में मोटर और पाइप लगाकर जलघर की डिकी में पानी भरने के दौरान ढाणी पीरवाली और पुट्ठी मंगल खां के ग्रामीणों के बीच लाठी-डंडे चले। ढाणी पीरवाली के लोगों ने पेयजल किल्लत के चलते जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से रजवाहे में पाइप लगा कर डिकी में पानी भरने की अनुमति ली थी। विभाग के दो कर्मचारी रात को जेनरेटर, पाइप और मोटर लगाकर डिकी में पानी भर रहे थे। इस दौरान पुट्ठी मंगल खां गांव से दो लोग मौके पर पहुंचे और चोरी करने की बात कहकर पानी भरना बंद करवा दिया। सूचना मिलने पर गांव ढाणी पीरवाली के सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र घोड़ेला अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोबारा कर्मचारियों को डिकी में पानी भरने को कहा। उधर, पुट्ठी मंगल खां से भी 100 से 150 की संख्या में ग्रामीण मौके पर आ गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी, गंडासों और जेली से एक-दूसरे पर वार किए गए। वहां खड़े पांच मोटरसाइकिलों को आग लगा दी गई। तीन बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। पानी भरने के लिए लगे जेनरेटर को भी जला दिया। ग्रामीणों द्वारा फायर का भी आरोप लगाया गया, लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई। सूचना पाकर डीएसपी नरेंद्र कादियान मौके पर पहुंचे। इस खूनी संघर्ष में सरपंच प्रतिनिधि ढाणी पीरवाली महेंद्र घोड़ेला, रामनिवास, रोहताश, शंकर, राधेश्याम, जबकि पुट्ठी मंगल खां गांव के मनीराम, साधुराम व कपिल घायल हो गए। महेंद्र घोड़ेला, रामनिवास व रोहताश को हिसार रेफर किया गया। यहां से शाम को महेंद्र घोड़ेला को डिस्चार्ज कर दिया गया। रामनिवास और रोहताश को हांसी के निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
प्रशासन से ली थी पानी भरने की अनुमति
वहीं मंगलवार सुबह इस मामले को लेकर ढाणी पीरवाली, ढाणी पीरान, ढाणी कुम्हरान की पंचायत भी हुई। इसके बाद ढाणी पीरवाली के ग्रामीण डीएसपी नरेंद्र कादियान व एसडीएम राजीव अहलावत से मिले। उन्होंने कहा कि प्रशासन से अनुमति लेने के बावजूद दूसरे गांव के लोगों ने कर्मचारियों को ही बंधक बनाते हुए उनके गांव के लोगों पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर सरपंच सतबीर, राजेंद्र सरपंच, रवि नंबरदार, मनोज सैन, संजय, मुस्कान, दीपक, रवि, देसराज आदि उपस्थित रहे। वहीं पुट्ठी मंगल खां के लोगों का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बड़ा पाइप व मोटर लगाकर डिकी में पानी भरा जा रहा है। जब उन्होंने इस बारे प्रशासन से अनुमति लेने की बात कही तो उन्होंने प्रशासन की तरफ से मिली अनुमति उन्हें नहीं दिखाई, जिस कारण विवाद बढ़ गया।
गांव पुट्ठी मंगल खां के साधुराम, मनीराम व कपिल सहित 100-150 अन्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। तीनों को राउंडअप कर जल्द ही अन्य की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
-उदयभान, सिटी थाना प्रभारी