अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
फोरव्हीलर चौक के पास किसी ने एक डॉक्टर की कार का शीशा तोड़कर उसका पर्स चुरा लिया। पर्स में 5000 रुपये, डीएल और कुछ दस्तावेज थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। सेक्टर-16/17 निवासी एवं इंडस्ट्रियल एरिया के ईएसआई कार्यालय में तैनात डॉ. जयप्रकाश सिंगला अपनी पत्नी नेहा गुप्ता के साथ कार में फोर व्हीलर चौक पर पहुंचे थे। उनकी पत्नी सेक्टर 16-17 स्थित एक ट्रस्ट के अस्पताल में तैनात हैं। उन्होंने वहां गाड़ी रोकी और मिठाई खरीदने के लिए पास की दुकान में चले गए। वे पांच मिनट बाद लौटे तो ड्राइवर की तरफ का पिछली खिड़की का शीशा टूटा मिला। अंदर देखा तो उनकी पत्नी का पर्स सीट से गायब था। पर्स में 5000 रुपये, डीएल, एटीएम कार्ड और कुछ अन्य दस्तावेज थे। बाद में इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।