अमर उजाला ब्यूरो
हांसी।
विवादों का अखाड़ा बने नगर परिषद कार्यालय में अब दिनदहाड़े मारपीट भी होने लगी है। नगर परिषद कार्यालय में घुसकर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने दरवाजे को बंद कर चेयरपर्सन विरोधी गुट के पार्षद आशीष उर्फ पिंकू की बेरहमी से पिटाई कर दी। उधर चेयरपर्सन समर्थक ठेकेदार नवीन सैनी के साथ भी मारपीट की गई है। नवीन ठेकेदार का आरोप है कि पार्षद आशीष के गुट के लोगों ने उसकी पिटाई करवाई है। वहीं वार्ड 23 के पार्षद आशीष उर्फ पिंकू का कहना है कि ठेकेदार नवीन ने ही नकाबपोश बदमाशों को उनकी पहचान करवाई और बदमाशों को उन्हें पीटने के लिए कहा। इस घटना में पार्षद आशीष के हाथ व पैर में फ्रैक्चर आया है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस नगर परिषद कार्यालय में पहुंची। इसके बाद घायलों का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवा कर उन्हें निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों को बस स्टैंड के समीप एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां काफी संख्या में पार्षद व लोग घायलों का हाल-चाल जानने पहुंचे।
पुलिस को दिए बयान में पार्षद आशीष उर्फ पिंकू ने कहा है कि सुबह वह नगर परिषद कार्यालय की हाउस टैक्स ब्रांच में बैठे हुए थे। जहां आधा दर्जन नकाबपोश युवक कमरे में घुस आए और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने गेट को भी बंद कर दिया। पार्षद का आरोप है कि आरोपियों ने बिंडो से उनके हाथ व पैर पर बेरहमी से वार किया तथा घटना को अंजाम देने के बाद किले की तरफ फरार हो गए। पार्षद का कहना है कि चेयरपर्सन गुट के लोगों ने उसकी पिटाई करवाई है। चूंकि वह चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने चाहते हैं।
मोहल्ला डडल पार्क निवासी पूर्व पार्षद कांता सैनी के पुत्र ठेकेदार नवीन सैनी का कहना है कि सुबह वह नगर परिषद कार्यालय में फाइल लेने गए थे। वह गेट के समीप ही खड़े थे। इस दौरान बाहर से तीन-चार युवकों ने उन पर हमला बोल दिया और बिंडो से उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी। नवीन का कहना है कि बदमाशों से बचने के लिए वह ईओ के रूम में भाग गए, लेकिन वहां भी युवकों ने उनका पीछा करते हुए उनकी पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गए। ठेकेदार का आरोप है कि पार्षद आशीष उर्फ पिंकू के लोगों ने उसे पिटवाया है। वहीं जब घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया तो इस दौरान पार्षद अनुराग चौधरी व डॉ. लवकेश टुटेजा की एक पुलिस कर्मी के साथ बहसबाजी भी हो गई। टुटेजा का कहना था कि पुलिस कर्मी ने पार्षद को धक्का दिया है। पुलिस कर्मी के रवैये से खफा टुटेजा ने कहा कि डीएसपी के समक्ष ही घायल अपने बयान देगा। उधर इस घटना के बाद नगर परिषद के स्टाफ कर्मियों ने वर्क सस्पेंड रखकर कार्यालय पर ताला जड़ दिया।
गली के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा मामला
कुछ माह पूर्व वार्ड 3 के गोल कोठी क्षेत्र में गली का निर्माण कार्य ठेकेदार नवीन को दिया गया। वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि सुनील सैनी व आशीष ने गली के निर्माण में घटिया क्वालिटी का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत की थी। ठेकेदार का आरोप है कि पार्षद आशीष बार-बार उन्हें कहता है कि वह उनके द्वारा बनाई गई गली का भुगतान नहीं होने देगा। माना जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर मारपीट की नौबत आई है। फिलहाल गली के निर्माण का कार्य अधर में लटका हुआ है।
वहीं दोनों घायलों को उपचार के लिए बस स्टैंड के समीप एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां दोपहर को दोनों घायलों के परिजनों के बीच बहसबाजी भी हो गई। इस पर डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला व एहतियात के तौर पर पुलिस जीप भी तैनात कर दी।
वर्जन
सिटी थाना प्रभारी उदयभान ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे अभी लगे नहीं हैं। कार्यालय के आस-पास लगे कैमरों की मदद से आरोपियों को पहचानने का प्रयास किया जाएगा।
आरोपियों को शीर्घ गिरफ्तार किया जाए : सुमन शर्मा
नगर परिषद के पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुमन शर्मा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पार्षद आशीष के साथ मारपीट कर ज्यादती की गई है। इन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्षद आशीष तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलना कोई गुनाह नहीं है।
गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : अशोक कनौजिया
उधर भाजपा नेता अशोक कनौजिया ने भी इसकी निंदा करते हुए कहा कि शहर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां कानून का राज चलता है, गुंडो का नहीं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किए श्जाने की मांग की है।
हिंदू महासभा ने की निंदा
हिंदू महासभा के प्रवक्ता ललित भारद्वाज व हलका प्रधान अनिल चावला ने भी इस घटना की निंदा की है। आशीष पिंकू पार्षद के अलावा हिंदू महासभा के प्रदेश महासचिव भी हैं।
चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने आरोपों को नकारा
नगर परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि विनोद सैनी ने पार्षद आशीष द्वारा लगाए गए आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में मारपीट की घटना होना निंदनीय है, पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
--------------