खरड़ अलीपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान से रात के समय नकदी व सामान चोरी कर लिया। इस दौरान वहां लगे सीसीटीवी में यह वारदात कैद हो गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस को दी शिकायत में खरड़ अलीपुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह नोएडा में काम करता है, इसलिए वह परिवार सहित नोएडा गया हुआ था। शनिवार सुबह उसके भाई सुरेश ने उसे फोन कर सूचना दी कि उसके मकान में चोरी हो गई है। वह वापस घर पहुंचा और यहां लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो रात के समय सिर पर हेलमेट लगाए तीन लोगों ने उसके मकान का ताला तोड़कर वहां से नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में चोरी हुए सामान की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई है। मामले में जांचकर्ता एसआई जगदीश प्रसाद के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों का सुराग लगाकर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।