हिसार। नगर निगम कार्यालय में वीरवार को करीब साढ़े आठ बजे चली हाउस की बैठक के आखिरी दिन अवैध कॉलोनियों का मुद्दा गूंजा। इस दौरान वार्ड-8 के पार्षद भूप सिंह ने खुलासा करते हुए कहा कि उसके वार्ड में 3-4 अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं, जिनमें पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर की कॉलाेनी भी शामिल है।
इस पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने इन कॉलोनियों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके अलावा बैठक में निगम एरिया की बची सभी अवैध कॉलोनियों को वैध करने का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजने का फैसला लिया गया। इससे पहले हाउस की बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई और शाम साढ़े 7 बजे तक चली। इस दौरान निगम के बजट को भी सर्वसहमति से पास किया गया। आखिरी दिन नगर निगम के अलावा जिला नगर योजनाकार, बीएंडआर, एनएचएआई व बिजली निगम से जुड़े एजेंडों पर चर्चा की गई।
मेयर बोले-अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे, बीआई बोले-15 दिन में कर देंगे
बैठक में पार्षद भूप सिंह ने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियां कट रही हैं। उनमें सीवर कनेक्शन हो रहे हैं। महावीर कॉलोनी में कटी अवैध कॉलोनी में सीवर के कनेक्शन दे दिए। अब सड़कें बनाई जा रही हैं। इस पर मेयर गौतम सरदाना ने अधिकारियों से कहा कि इन्हें क्यों नहीं तोड़ रहे। इस पर भवन निरीक्षक (बीआई) सुमित ढांडा बोले कि 15 दिन में कार्रवाई कर देंगे।
सभी बची कॉलोनियों का किया जाएगा सर्वे
इस दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि पिछली बैठक में पास हुई 54 कॉलोनियां पास हुई थीं। इनके ले आउट रेवेन्यू मंजूर हो चुके हैं। रेवेन्यू रिकॉर्ड से वेरिफाई भी हो चुके हैं। अब इन्हें मंडलायुक्त के सामने रखा जाना है। इसके बाद इन्हें सरकार के पास भेजा जाएगा। इस पर पार्षदों ने आपत्ति उठाते हुए कहा कि किस आधार पर इन 54 कॉलोनियों को लिया गया और किस आधार पर बाकी कॉलोनियों को छोड़ा गया। मेयर ने कहा कि अब बाकी बची सभी कॉलोनियों का सर्वे में लिया जाएगा एटीपी रूबी ने बताया कि अब ड्रोन सर्वे की भी जरूरत नहीं है। निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम व डीटीपी मिलकर इस सर्वे को एक माह में पूरा करेंगे। मेयर ने कहा कि सर्वे में कॉलोनी का नाम का उल्लेख किया जाए ताकि पता चल सके कि वह कौन सी कॉलोनी है।
पार्षदाें ने पिछले सर्वे पर उठाए सवाल
बैठक ने पार्षदों ने पिछले सर्वे पर सवाल भी उठाए। राजपाल मांडू ने कहा कि कैंट की मार्केट को आज तक मंजूर नहीं किया गया, जबकि ये पंचायत के समय से ही बनी हुई है। सातरोड़ खास व खुर्द का सिर्फ 29 प्रतिशत एरिया ही अप्रूव्ड दिखा गया है। निगमायुक्त ने कहा कि सरकार को कॉमर्शियल एरिया को मंजूर करने का प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। अनिल जैन ने कहा कि मेरे वार्ड का भी रिहायशी एरिया सर्वे में नहीं लिया। जगमोहन मित्तल व कैप्टन नरेंद्र ने कहा कि सारे दस्तावेज पूरे करने के बाद ही न्यू मॉडल एक्सटेंशन को सर्वे में नहीं लिया। निगमायुक्त ने कहा कि विकास शुल्क भरवा दो, इन सभी कॉलोनियों को अप्रूव्ड करवा देंगे।
सतीश सुरलिया ने कहा कि विकास शुल्क जमा करवा देंगे। इस पर मेयर ने कहा कि पूरा शहर का ठेका न लो। लोगों ने बड़ी मुश्किल से प्लॉट खरीदे हैं। पैसे होते तो सेक्टरों में ही खरीद लेते। कविता केडिया ने कहा कि विकास नगर को वैध करने का एजेंडा रखा तो मेयर ने कहा कि हाउस में प्रस्ताव पास कर देते हैं, इसके बाद मंत्रीजी से बात कर लो। एटीपी रूबी ने कहा कि कॉलोनी ने लाइसेंस लिया था, लेकिन बाद में शर्तों को तोड़ दिया। अब दोबारा से लाइसेंस रिवाइज्ड करवाना होगा। उमेद खन्ना ने कहा कि 100 साल से लोग एक जमीन पर बैठे हैं, लेकिन उनके पास मालिकाना हक नहीं है। निगमायुक्त ने कहा कि किसी विभाग की जमीन पर बैठे हैं तो उन्हें मालिकाना हक नहीं मिलेगा। सरकार को स्वामित्व जैसी स्कीम लानी होगी। इस पर प्रस्ताव पास किया गया कि सरकारी जमीन पर 25 साल से ज्यादा समय से बैठे लोगों को मालिकाना हक दिया जाए।
हर वार्ड में करवाए जाएंगे 2 करोड़ के विकास कार्य
मेयर गौतम सरदाना ने बताया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में 2 करोड़ रुपये से विकास कार्य करवाए जाएंगे। निगमायुक्त ने बताया कि शहर में विकास कार्यों को लेकर मार्च व अप्रैल के लिए 27 करोड़ रुपये राशि बुक हो चुकी है। इसे लेकर कुछ टेंडर हो चुके हैं और कुछ पाइप लाइन में हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सेक्टरों में सड़कों की हालत खराब है। इसे देखते हुए सेक्टर 13 पार्ट एक व दो में 7 करोड़ रुपये, सेक्टर 15 में 2.5 करोड़ रुपये, सेक्टर 9-11 में 3 करोड़ और सेक्टर 14 में 15 करोड़ की लागत से सड़कें बनाई जाएंगी।
वार्ड-1 से 10 का लगेगा सफाई का टेंडर, 50 नए टिप्पर खरीदने का फैसला किया रद्द
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। हाउस की बैठक के दूसरे दिन शहर की सफाई व सुंदरीकरण का मुद्दा भी छाया रहा। इस दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि इस साल उनका शहर की सफाई व्यवस्था व सुंदरीकरण पर खासा जोर रहेगा। इसी के तहत 1 से 10 वार्ड का सफाई (रोड स्वीपिंग) के काम का टेंडर लगाया जाएगा। इसके बाद निगम के सफाई कर्मचारियों से बाकी बचे 10 वार्डों में सफाई करवाई जाएगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में काफी सुधार भी होगा। अधिकारियों ने बताया कि चूंकि अब सफाई का टेंडर लगाया जाएगा तो ऐसे में नई टिप्पर गाड़ियों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। यह देखते हुए नए 50 टिप्पर खरीदने का फैसला रद्द कर दिया गया है।
शहर को सुंदर बनाने के लिए ये उठाए जाएंगे कदम
- शहर में 7 एंट्री गेट बनेंगे, कंसलटेंट को वर्क ऑर्डर जारी किया
- शहर में जहां-जहां जरूरत होगी, वहां ट्री गार्ड लगाए जाएंगे
- समितियों का शौचालय रखरखाव के लिए दिए जाएंगे
- वार्ड 1 से 5 व 16 से 20 में साइन बोर्ड लगाने का टेंडर हुआ
- वार्ड 6 से 15 के पार्कों में जिम व झूले लगाने का टेंडर हुआ
- सड़कों के नाम के बोर्ड लगाने के लिए लगाया जाएगा टेंडर
- पार्कों में रखवाए जाएंगे 500 बेंच, 55 में सजावटी लाइटें भी लगाई जाएंगी
- जिंदल ग्रुप को निशुल्क रखरखाव के लिए दी जाएगी ग्रीन बेल्ट
- शहीदों की प्रतिमाओं के साथ बनाए जाएंगे सेल्फी प्वाइंट
-
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज व संदिग्ध मामलों की होगी जांच
- वार्ड 8 में गली के बीच में लगे ट्रांसफार्मर को न हटाने पर जेई व एसडीओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
- कैंची चौक पर कब्जा न हटाने के मामले की जिला विजिलेंस से करवाई जाएगी जांच
- एएसआई कमल के काम न करने पर टर्मिनेशन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा
दो सब कमेटियों का गठन किया
बैठक में रोड सेफ्टी व बिजली सब कमेटी का गठन किया गया। रोड सेफ्टी सब कमेटी में पार्षद ज्योति महाजन, मनोहर लाल, बिमला देवी, अनिल जैन व जगमोहन मित्तल को शामिल किया गया। इसके अलावा बिजली सब कमेटी में पार्षद शालू दीवान, पिंकी शर्मा, जयप्रकाश, भूप सिंह, प्रीतम सैनी को शामिल किया गया। इस सब कमेटी की बैठक हर माह होगी।
-
नगर निगम ये नई व्यवस्था करेगा लागू
- घोड़े व खच्चर छुड़वाने पर 25 हजार लगाया जाएगा जुर्माना
- सचिव पब्लिक डिलिंग करेंगे, साथ में चार क्लर्क भी बैठेंगे, ऑब्जेक्शन लेकर आने वालों के आवेदन करेंगे
- नगर निगम में कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के बिल बंटवाएगा, पहले वार्ड 20 में वितरित करवाए जांएगे
- कार्ड वाले प्लॉट के प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड में सिर्फ क्लेरिकल मिस्टेक ठीक की जाएगी
ये प्रस्ताव किए पास
- पूर्व पार्षदों को पेंशन स्कीम में लगाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
- वार्ड 11 में साइबर थाना, कैंट एरिया थाना व ट्रैफिक थाने के लिए पुलिस विभाग को दी जाएगी 4.5 एकड़ जमीन
- नगर निगम में एसडीओ मैकेनिकल की पोस्ट बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा
-
अधिकारियों ने ये दी जानकारी
- वार्ड 11 में स्टेडियम के लिए 1.20 करोड़ रुपये का विशेष बजट का प्रावधान किया
- अमृत योजना के लिए दोबारा से एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा जाएगा, दोबारा से लगाया जाएगा टेंडर, 19 करोड़ का एस्टीमेट किया तैयार
- खंभों पर लटक रही अवैध तारों को लेकर एफआईआर दर्ज करवाएगा बिजली निगम
- नेशनल हाईवे पर कैंट से रविदास छात्रवास तक स्ट्रीट लगाने के लिए एनएचएआई ने 6 माह का मांगा समय
- कैंट एरिया में हाईवे की स्ट्रीट लाइट दो माह से बंद होने के मामले में एनएचएआई के अधिकारियों को रिव्यू मीटिंग में बुलाया जाएगा
- सभी पुस्तकालयों के साथ शौचालय बनाए जाएंगे।
- डेवलपमेंट चार्ज के 10 करोड़, सॉलिड वेस्ट चार्ज से 119 लाख व प्रॉपर्टी टैक्स से करीब 11 करोड़ रुपये की आय हुई।
- सब कमेटी फाइनल करेगी, कहां बनेगी मीट मार्केट
- दिल्ली रोड पर जगह जगह खोदे गए गड्ढों को ठीक करने को लेकर बीएंडआर को दो दिन में कार्रवाई करने को कहा
- कैमरी रोड अंडरपास में गड्ढे पर बीएंडआर के अधिकारी बोले-वाटर टेबल ऊपर होने से हुआ खराब