आदमपुर के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई का कहना है कि मैं राज्यसभा चुनाव में अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट डालूंगा। अन्य विधायकों से भी आह्वान करूंगा कि वे भी अपनी अंतरात्मा की आवाज के अनुसार वोट डालें। उन्होंने कहा कि मैं मजबूत कांग्रेसी रहा हूं। मेरे पिता चौधरी भजनलाल कांग्रेस की पहचान रहे हैं।
पार्टी अध्यक्ष के फैसले पर जताई नाराजगी
शुक्रवार को अपने पिता चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर आदमपुर में उनके समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित करने पहुंचे कुलदीप ने कहा कि नि:संदेह मैं पार्टी अध्यक्ष के फैसले को लेकर खुश नहीं हूं। मैंने राहुल गांधी से मिलने का कोई समय नहीं मांगा है। अगर उनको मेरी जरूरत है तो बुलाएं। राहुल गांधी विदेश में हैं, मेरी उनसे बातचीत चल रही है। उनसे मिलने के बाद ही अंतिम फैसला लूंगा। मुझे बताया गया है कि 8-9 जून को राहुल गांधी से मुलाकात होगी। जब तक राहुल गांधी से नहीं मिल लूंगा तब तक कांग्रेस के किसी प्लेटफार्म पर नहीं जाऊंगा। इसी कारण उदयपुर के चिंतन शिविर में नहीं गया।
राजस्थान के विधायकों से अनुरोध-सुरजेवाला को दें वोट
राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राजस्थान के विधायकों से अनुरोध करूंगा कि रणदीप सुरजेवाला को वोट डालें। मैंने अपने वोट को लेकर अभी फैसला नहीं लिया है। वोट डालना मेरा फर्ज है,मैं अपनी अंतरात्मा की आवाज के अनुसार वोट डालूंगा। अन्य विधायकों से भी यही अपील है। बिश्नोई ने कहा कि अगर आज प्रदेश में विधानसभा चुनाव होता है तो किसी को भी बहुमत मिलने के आसार नहीं है। यह चिंता का विषय है। ऐसे हालत में भाजपा को फायदा मिलता है। अगर कांग्रेस को सरकार बनानी है तो उसे कुछ ठोस निर्णय लेने होंगे चाहे वह अध्यक्ष के फैसले को वापस लेकर हो या अन्य। निकाय चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी मुझसे राय लेती तो मैं सिंबल पर चुनाव लड़ने का सुझाव देता।