हिसार कृषि मेले में ड्रोन को देखते किसान।
हिसार। उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (टीटीसी) में लगे कृषि एक्सपो के दूसरे दिन कृषि वैज्ञानिकों की गोष्ठी हुई। इस गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल कृषि विज्ञान, कृषि वानिकी एवं जलवायु परिवर्तन डॉ. राजबीर सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के अंतर्गत मोटे अनाज की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग हो रही है। मोटे अनाज न केवल सेहत के लिए लाभकारी हैं, बल्कि इससे किसानों की लागत घटाने व आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मोट अनाज के उत्पादन व मूल्य वर्धन के लिए आयोजित सेमिनार में डॉ. राजबीर सिंह ने कहा कि हम भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, हैदराबाद के साथ मिलकर कई वर्षों से मिलेट्स से बनने वाले उत्पादों पर काम कर रहे हैं। काफी सारे उत्पाद मार्केट में उपलब्ध भी हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए समय समय पर कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। सेमिनार को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, एएन मेश्राम डिप्टी कमिश्नर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ब्रिटिश कोलम्बिया यूनिवर्सिटी से प्रोफेसर शाहबुदनी सोखांसंज, सीपी लोही उपायुक्त, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग व वैज्ञानिक वाईके यादव ने भी सेमिनार को संबोधित किया। अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश जैन ने की।
दो दिन में 80 हजार किसान प्रदर्शनी देखने पहुंचे
तीन दिवसीय 11वें कृषि दर्शन किसान मेले में हिसार के अलावा आसपास के अन्य जिलों के भी किसान पहुंच रहे हैं। पहले व दूसरे दिन मिलाकर लगभग 80 हजार किसानों व अन्य लोगों ने प्रदर्शनी को देखा। दूसरे दिन भी स्टॉलों पर भीड़ नजर आई। मेले में लोगों ने मशीनरी, बीज, खाद, ट्रैक्टर, टूल्स आदि से संबंधित उपयोगी जानकारी ली।
कलाकारों ने किया मनोरंजन
कृषि मेले के दूसरे दिन हरियाणवी गायक सुरेंद्र रोमियो और साथी कलाकार सोनिया मोर व राधिका मोर ने प्रस्तुति दी। मेले में आए हुए किसान व आमजन की मांग पर कलाकारों ने रागनी के अलावा सोशल मीडिया पर चर्चित गाना नंगड़ा के ब्याह दी पर प्रस्तुति दी। गाने के दौरान दर्शकों में खूब उत्साह दिखा।