हिसार। लघु सचिवालय में सुशासन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मरीजाें को बेहतर सुविधा देने के लिए नागरिक अस्पताल की टीम को गुड गवर्नेंस अवॉर्ड से नवाजा गया। प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया है। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सम्मानित किया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह अवॉर्ड ई-संजीवनी कार्यक्रम को जिले में ग्रामीण स्तर तक सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए जिला स्तर पर द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। ई-संजीवनी स्कीम में उपकेंद्र स्तर से सीएचसी एवं पीएचसी स्तर से मेडिकल ऑफिसर द्वारा टेली कंसल्टेशन के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इस कार्यक्रम में हरियाणा के 22 जिलों में हिसार जिले से सबसे ज्यादा मरीजों को कंसल्टेशन की सुविधा का उपयोग करते हुए नागरिक अस्पताल और पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञ से इलाज करवाया गया। इस स्कीम के अंतर्गत विशेषज्ञों की सुविधा टेली कंसल्टेशन के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध करवाने के लिए नागरिक अस्पताल, नागरिक अस्पताल आदमपुर, हांसी और बरवाला में हब स्थापित किए गए हैं। जहां पर विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं एवं पीजीआई चंडीगढ़ हब में भी में विभिन्न विशेषज्ञ उपलब्ध रहते हैं। 1 अप्रैल 2023 से 22 दिसंबर 2023 तक प्रदेश भर में सबसे ज्यादा लगभग 24000 कॉल्स इन हब में विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के लिए ग्रामीण स्तर से की गई हैं। इसके अलावा निरोगी अभियान, आयुष्मान भारत, लिंगानुपात मे भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इस अवसर पर पीएमओ डॉ. रत्ना भारती, डिप्टी सीएमओ डॉ. तरुण, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा आदि उपस्थित थे।