दिवाली के त्योहार पर शहरवासियों को निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई मिले, इसे लेकर बिजली निगम की तरफ से 15 टीमों का गठन किया गया है। यही नहीं बिजली शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए सभी जेई रात 12 बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे।
बिजली निगम के एक्सईएन संदीप कुंडू ने बताया कि इस दौरान 9 गाड़ियां सेंटरों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा 33 केवी का स्टाफ भी तैयार रहेगा। अगर 33 केवी की लाइन में कहीं दिक्कत आ गई और ये स्टाफ उसे दूर करेगा। इमरजेंसी के समय जरूरत पड़ने वाला सारा सामान टीमों को उपलब्ध करवा दिया है। शहर में फिलहाल एक भी डैमेज ट्रांसफार्मर नहीं है। इन सभी टीमों की लोकेशन जीपीएस से देखी जा सकेंगी। दिवाली के दिन किसी भी तरह का बिजली कट नहीं लगाया जाएगा और निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई दी जाएगी। बिना एक्सईएन की अनुमति के कोई लाइन बंद नहीं की जाएगी। अगर किसी बिजली उपभोक्ता को दिक्कत आती है तो वह बिजली निगम के शिकायत केंद्रों पर संपर्क कर सकते हैं। सिटी एरिया के बिजली उपभोक्ता 7047971407 और सिविल व मॉडल टाउन एरिया के उपभोक्ता 7047971408 पर संपर्क करें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1912 भी उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
दमकल कर्मचारियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई
इसे लेकर दमकल कर्मचारियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। आग लगने की घटनाओं की संभावना के मद्देनजर सभी कर्मचारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिला अग्निशमन अधिकारी दीपांशु के मुताबिक विभाग की तरफ से एक दमकल गाड़ी राजगुरु मार्केट व एक गाड़ी नई सब्जी मंडी में लगी पटाखों की स्टॉल के पास तैनात की गई है। इसके अलावा बाकी गाड़ियां दमकल केंद्राें पर ही तैनात रहेंगी। जिले में दमकल की 35 व शहर में 15 गाड़ियां हैं। तंग गलियों में आग बुझाने के लिए तीन स्मॉल फायर टेंडर हैं। इनमें दो शहर और एक बाहर के केंद्र पर है। इसके अलावा केमिकल में लगी आग पर काबू पाने के लिए हर गाड़ी में फोम की व्यवस्था की गई है। वहीं ऊंची इमारतों में लगी आग को बुझाने के लिए रेस्क्यू टेंडर है। मगर इसके साथ हाईड्रॉलिक प्लेटफार्म की भी जरूरत होती है, जो विभाग के पास नहीं है।
रात में हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
दिवाली के त्योहार पर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए है। शहर के मुख्य बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया है। 15 जगह नाके लगाए हुए हैं। पुलिस अधीक्षक मोहित ने थाना और चौकी प्रभारियों को त्योहार पर रात के समय हुड़दंगबाजी करने वालों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रोशनी का त्योहार शांति, प्रगति और समृद्धि का प्रतीक है जो हमें समाज के सभी वर्गों के साथ अपनी खुशी साझा करने के हमारे कर्तव्य की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से इको-फ्रेंडली और ग्रीन दीपावली मनाने का आग्रह किया।
आपातकालीन कक्षा में चिकित्सकों की लगाईं ड्यूटियां, बाकी ऑन कॉल रहेंगे
पर्व को लेकर नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। नर्सिंग ऑफिसर की संख्या भी बढ़ाई गई है साथ ही ट्रेनर की ड्यूटियां भी लगाई हैं। पीएमओ डॉ. रत्ना भारती ने बताया कि आपातकालीन कक्ष में तीनों शिफ्टाें में दो-दो चिकित्सक की अलग से ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा बाकी चिकित्सक ऑन कॉल रहेंगे। जरूरत पड़ने पर चिकित्सकों को बुला लिया जाएगा। आपातकालीन कक्ष में दवाइयों का स्टॉक रखवा दिया है।
दिवाली पर दिन की चौघड़िया चर लग्न में सुबह 8:15 मिनट से सुबह 9:34 बजे तक तक शुभ मुहूर्त
इस बार दिवाली स्वाति नक्षत्र और सौभाग्य योग में मनाई जाएगी। ऋषि नगर स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पुजारी एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण महा संस्था के पूर्व जिला अध्यक्ष आचार्य राममेहर शास्त्री का कहना है कि दिवाली का शुभ मुहूर्त दिन की चौघड़िया चर लग्न सुबह 8:15 मिनट से सुबह 9:34 बजे, लाभ की चौघड़िया सुबह 9:35 से सुबह 10:53 तक रहेगा। इसी प्रकार अमृत लग्न की चौघड़िया सुबह 10:53 मिनट से दोपहर 12:12 मिनट, शुभ की चौघड़िया दोपहर 1:31 बजे से दोपहर 2:50 बजे, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11: 50 बजे से दोपहर 12:33 मिनट रहेगा। वहीं, रात्रि की चौघड़िया शाम वृष लग्न शाम 5:39 बजे से शाम 7: 34 बजे तक, मिथुन लग्न शाम 7:34 बजे से रात 9:48 बजे तक, कर्क लग्न रात 9:48 बजे से रात 12:11 बजे तक, सिंह लग्न रात 12:11 बजे से रात 2:31 बजे तक, राहुकाल सुबह 4:12 बजे से सुबह 5:33 बजे तक रहेगा। शास्त्री के अनुसार इस दौरान कोई भी शुभ कार्य न करें। 13 नवंबर को अमावस्या मनाई जाएगी। 14 को अन्नकूट, गोवर्धन पूजा होगी। 15 नवंबर को भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा। आचार्य राममेहर शास्त्री ने बताया कि धर्मशास्त्रों के अनुसार सूर्य एक घड़ी ढलने पर भी अमावस्या तिथि हो तो दिवाली का त्योहार उसी तिथि में मनाया जाता है। दिवाली दीपों का त्योहार है। इस दिन झाड़ू खरीदकर घर में लाना भी शुभ होता है।