बरवाला। शहर में शनिवार दोपहर से शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश के बाद रविवार देर रात तक मुख्यमार्ग पर जलभराव रहा। शहर की अधिकतर गलियां पानी से लबालब दिखीं। शहर के आंतरिक मुख्यमार्ग की बात करें तो यहां एक से दो फुट पानी भरा होने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। बता दें कि शहर में करोड़ों रुपये की लागत से नई सीवर लाइन डाली गई है लेकिन इसके बावजूद शहर में सीवर व्यवस्था बद से बदतर है।
क्षेत्रवासी अनिल कुमार, रमेश कुमार, पवन, मोहनलाल, राजेंद्र, अमित, जेके चानना, सुभाष सैनी, मदन लाल, दीपक, बूटा सिंह, मनोज का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे पूर्व में बारिश के पानी की निकासी व सीवरेज की नई लाइन बिछाई गई है। बावजूद इसके 30 घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी सड़क से पानी की निकासी नहीं हो पाई है।
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग के शहर से पानी निकासी के सभी दावे फेल साबित हो रहे हैं। यह सब विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। विभाग के अधिकारी बारिश से पहले तो पानी निकासी के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन बारिश आने पर उनके सभी दावे धरे के धरे रह जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि शहर में जमा बरसाती पानी की निकासी जल्द करवाई जाए।
जनस्वास्थ्य विभाग कर रहा धन का दुरुपयोग : चेयरमैन
इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरीवाला ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग पर सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर में कुछ समय पहले बरसाती पानी की निकासी व सीवरेज की नई लाइनें बिछाई गई हैं, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते ये लाइनें जगह-जगह से ब्लॉक हो चुकी हैं। चेयरमैन ने कहा है कि यह विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का उदाहरण है।