हिसार। दो दिन बाद शहर की सरकार का 5 साल का कार्य पूरा हो जाएगा। इस कार्यकाल में अधूरे बड़े प्रोजेक्ट में शहर को बेसहारा पशु मुक्त करने का प्रोजेक्ट भी शामिल है। हालांकि शहर के मुखिया ने चुनाव लड़ते समय यह घोषणा की थी कि वह शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करेंगे। मगर उनका यह वादा पूरा नहीं हो सका। इस कारण रोजाना लोग बेसहारा पशुओं के हमले में घायल हो रहे हैं। कुछ लोग जान तक गंवा चुके हैं।
बता दें कि वर्ष 2017 में जिला प्रशासन ने शहर को बेसहारा पशु मुक्त घोषित किया था। हकीकत में शहर सिर्फ कागजों में पशु मुक्त घोषित हुआ था। इसी को देखते हुए मेयर ने शहरवासियों से वोट मांगते समय यह वादा किया था कि मेयर चुने जाने पर वह शहर की इस समस्या का स्थायी समाधान करेंगे।
गोअभयारण्य बना पर समस्या का नहीं हुआ निदान
निगम के दूसरे कार्यकाल में शहर को बेसहारा पशु मुक्त बनाने को लेकर गोअभयारण्य के लिए 50 एकड़ जमीन मिली। 15 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्चा कर इसमें से 25 एकड़ गोअभयारण्य व नंदीशाला का निर्माण किया गया, जबकि 25 एकड़ का छोड़ दिया गया। हालांकि बाकी बची 25 एकड़ जमीन पर पशुओं के चारा उगाने की योजना बनाई गई थी, जो आज तक सिरे नहीं चढ़ सकी। यही नहीं निगम गोअभयारण्य को चलाने में भी असमर्थ नजर आया। कुल मिलाकर शहरवासियों को गोअभयारण्य का कोई खास फायदा नहीं मिला।
5 साल में सिर्फ 2 बार चले महाअभियान
शहर की सरकार की तरफ से इन 5 वर्षों में सिर्फ 2 दफा ही बेसहारा पशु पकड़ने के लिए महाअभियान चलाए गए। पहली दफा वर्ष 2019 में महाअभियान चलाया गया, जिसमें पार्षदों ने भी पूरा सहयोग किया। चूंकि उस समय गोअभयारण्य में बेसहारा गोवंश को रखने के पूरे इंतजाम नहीं थे, जिस कारण काफी गोवंश की मौत हो गई। यह देखकर सरकार ने अभियान को तुरंत रोक दिया। इसके बाद शहर की सरकार को कार्यकाल के आखिरी वर्ष 2023 में बेसहारा पशु दिखे। मगर इस बार महाअभियान में सिर्फ औपचारिकता ज्यादा दिखी। पार्षदों ने भी इस महाअभियान से खुद को दूर रखा।
निगम ने अभियान कब-कब चलाए, कितने गोवंश पकड़े
अप्रैल 2022 से सितंबर 2023 तक पकड़ी गईं गाय : 5877
अप्रैल 2022 से सितंबर 2023 तक पकड़े गए नंदी : 2515
सितंबर 2023 तक गोअभयारण्य में गोवंश की संख्या : 5061
अप्रैल 2022 से अक्तूबर 2023 तक पशुपालकों से वसूला गया जुर्माना : 32.94 लाख रुपये
गोअभयारण्य के रखरखाव के लिए गो सेवा फाउंडेशन को मई 2022 से अक्तूबर 2023 तक दिया गया पैसा : 4.49 करोड़ रुपये
गोअभयारण्य भर चुका है। आसपास की गोशालाओं ने जिला प्रशासन को आश्वासन दिया था कि वह भी कुछ पशु लेने को तैयार हैं। अब गोअभयारण्य से कुछ पशु इन गोशालाओं में शिफ्ट किए जाएंगे। इसके बाद फिर तेजी से यह अभियान चलाया जाएगा। - प्रदीप दहिया, निगमायुक्त