हिसार- मिष्ठान भंडार में कार्रवाई करते सीएम फ्लाइंग के अधिकारी।
हिसार। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने शुक्रवार को आजाद नगर स्थित एक मिष्ठान भंडर पर छापा मारा। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिष्ठान भंडार में मिलावटी मिठाई, पनीर, मावा तैयार करने की शिकायत मिल रही थी। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भंवर सिंह व पुलिस के साथ गौड़ मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान 4.5 किलोग्राम पनीर, 20 किलोग्राम मावा, 50 किलोग्राम गुलाब जामुन व 60 किलोग्राम रसगुल्ले मिले। डॉ. भंवर सिंह ने पनीर, मावा और मिठाइयों के चार सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। वहीं एक कढ़ाई में 10 लीटर उबला तेल मिला।
डॉ. भंवर ने डिजिटल ऑयल मीटर (डीओएम) द्वारा चेक किया। 10 लीटर तेल, 5 किलोग्राम मावा व 2 डिब्बे पेस्ट्री खाने योग्य न होने पर गड्ढा खोदवाकर नष्ट करवा दिया। इस दौरान दुकान से दो घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए। इस संबंध में निरीक्षक रामनरेश की शिकायत पर घरेलू गैस सिलिंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में करने पर मिष्ठान भंडार के मालिक अशोक कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।