हिसार। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को शहरी मतदाताओं को साधने के लिए 14 स्थानों पर जलपान के जरिये नुक्कड़ सभाएं कीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया। उन्होंने हिसार में रणधीर पनिहार के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, विधायक भव्य बिश्नोई को मंच पर लाकर एकजुट होने का संदेश देने का काम किया। मंच पर कुलदीप बिश्नोई के गले मिलकर अपनी निकटता जाहिर करने का प्रयास किया। सीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत चौधरी भजनलाल की प्रशंसा से करते हुए भव्य बिश्नोई को युवाओं को दिशा देने वाला बताया। इस दौरान नायब सैनी ने मनोहरलाल के कैमरी में चौधरी भजनलाल पर दिए गए बयान की गलती को सुधारने की कोशिश की।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी जेएनयू में जाकर टुकड़े-टुकड़े वाले गैंग को समर्थन करते हैं। सीएम ने अनुच्छेद 370, राम मंदिर काे उपलब्धि बताते हुए समर्थन मांगा। साथ ही कहा कि हर व्यक्ति के लिए आवास बनाएंगे। हमने यूनिवर्सिटी, एम्स, मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कराया है। सीएम नायब सैनी ने महाबीर जांगड़ा, सीमा गैबीपुर, नरेश सिंघल, रवि सैनी, पूर्व मंत्री प्रो. छतरपाल, वैभव बिदानी, शकुंतला राजलीवाल, बलराज चौहान, हरिकिशन शर्मा, रणधीर पणिहार, गगन शर्मा व निवर्तमान मेयर गौतम सरदाना के आवास पर जलपान कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
जब मुखिया राजी हो गया तो आप भी मान जाओ : कुलदीप बिश्नोई
कुलदीप बिश्नोई ने सभा को संबाेधित करते हुए कहा कि असमंजस क्यों है? आज भी एक गांव में गया तो एक साथी ने कान में आकर फूंक मारकर पूछा के करणो सै। आप लोगों ने चौधरी भजनलाल के बाद मुझे मुखिया माना है। जब मुखिया ही राजी हो गया तो आप भी मान जाओ। आप लोगों का गुस्सा जायज था, अब नाराजगी छोड़ दो। कोई भूल मत कर देना। हमारी तो खुली किताब है, चौधरी रणजीत सिंह का साथ देना है। जिस तरह से मेरा चुनाव लड़ते हो, उसी तरह से इस चुनाव को लड़ो। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारी पार्टी है। घोटालों के अलावा कुछ नहीं किया। चौधरी भजनलाल ने बाईपास इसलिए बनवाया था कि गुंडे बदमाशों को बाहर निकाल दें। जेपी जैसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं, इसे बाईपास निकालो।
कुरड़ी पर मत बरस जाना सीएम साहब
रणधीर पनिहार ने कहा कि जब भैंस बेच दी जाती है तो कटड़ा साथ जाता है। हम तो चौधरी कुलदीप बिश्नोई के साथ हैं। जहां वह जाएंगे, हमें तो जाना ही है। सीएम साहब अच्छे लोगों को पहचानो। कुलदीप बिश्नोई, भव्य बिश्नोई को ताकत दो, यह आपके लिए बहुत मजबूत साबित होंगे। कुरड़ी पर मत बरस जाना, किसी अच्छे खेत में बरसोगे तो अच्छी फसल होगी। आपके पास पावर है, अच्छा काम करने वाले बैल को अच्छा चाट खिला देना। अगर मौका मिला तो पार्टी को मजबूत करेंगे, अगर मौका नहीं मिला तो भी पार्टी से गद्दारी नहीं करेंगे। चंद्रमोहन ने भाई का धर्म निभाया। कुलदीप बिश्नोई ने उन्हें कहा था कि हिसार में मत आना रणजीत सिंह का नुकसान हो जाएगा, चंद्रमोहन अपना धर्म निभाते हुए यहां नहीं आए।
प्रो. छतरपाल ने पहनाई पगड़ी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रत्याशी रणजीत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल सिंह के आवास पर भी पहुंचे। प्रो. छत्रपाल सिंह ने सीएम नायब सिंह सैनी को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने आमजन की समस्याओं और उम्मीदों को सीएम के समक्ष रखा। उम्मीद जताई कि बीजेपी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पुनिया, अमरपाल राणा व आशा देवी खेदड़ सहित अन्य मौजूद रहे।