हांसी (हिसार)। हांसी में फैक्टरी को लेकर हुए विवाद में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी और परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इस बारे में भाजपा नेता के चाचा दलजीत सैनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सभी ने मिलकर उन्हें कंपनी से बाहर कर दिया और वहां रखा सामान अवैध तरीके से बेचा है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार के सेक्टर-14 निवासी दलजीत सैनी ने बताया कि उनकी फैक्टरी स्टैंडर्ड ऑटो इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड गांव सैनीपुरा में है और फैक्टरी ट्रैक्टर व ट्रक की क्लच प्लेट बनाई जाती है। वह कंपनी में डायरेक्टर के पद पर है। उसके अलावा अमित सैनी व कृष्णा सैनी भी डायरेक्टर के पद पर हैं। इस कंपनी में उसका शेयर 40.66 प्रतिशत है। सितंबर 2022 को अमित और कृष्णा ने अपने परिजन आलिश, अंकित, साहिल अशोक, बलबीर अग्रिम को बुलाकर उसके साथ झगड़ा किया और कंपनी से जबरदस्ती बाहर निकला। इसके बाद अमित और कृष्णा ने फैक्टरी में जो स्क्रैप व अन्य सामान था उसे बेच दिया। इसके अलावा तैयार माल को बिना बिल के पंजाब, दिल्ली, फरीदाबाद की मार्केट में बेचना शुरू कर दिया। इससे फैक्टरी को करीब 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ। आरोप है कि अशोक सैनी ने अवैध कंपनी बनाई हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भाजपा नेता अशोक सैनी, अमित सैनी, कृष्णा सैनी, अशोक के बेटे साहिल सैनी, अंकित सैनी, अलीश सैनी, अग्रिम सैनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।