सिवानी मंडी। मुख्य बाजार के पास अनाज मंडी मार्ग पर पुलिस ने शनिवार को एक कार से 1.5 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। वैध दस्तावेज न देने के कारण पुलिस ने फिलहाल इस राशि को ट्रेजरी में जमा करवा दिया है। नकदी मिलने की रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को दी गई है।
पुलिस को सूचना मिली की अनाज मंडी मार्ग पर एक कार आने वाली, जिसमें भारी मात्रा में नकदी है। इस पर पुलिस टीम ने नाका लगाकर कार को रुकवाया और तलाशी ली। कार में दो बैग मिले, जिनमें नकदी भरी थी। एफएसटी टीम को मौके पर बुलाया। दोनों बैग थाने ले जाकर रुपयों की गिनती की तो 1.5 करोड़ रुपये पाए गए। कार सवार आढ़ती मांगे राम ने बताया कि वह इस राशि को सिवानी के बैंक से निकलवा कर लाया है। सिवानी में दो दिन पहले एक व्यापारी के साथ लूट की घटना के बाद वह डर के कारण अपने दो साथियों के साथ यह पैसा लेकर घर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बैंक से पैसा निकलवाने का प्रमाण पुलिस को मौके दे दिया गया है। बता दें कि चुनाव आचार संहिता के चलते 50 हजार से अधिक की नकदी ले जा रहे हैं तो उसके संबंध में वैध दस्तावेज अपने साथ रखने जरूरी हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई निकेश कुमार ने बताया कि कार से 1.5 करोड़ की नकदी मिली है। फिलहाल जांच की जा रही है। वैध दस्तावेज मिलने पर राशि वापस सुपुर्द कर दी जाएगी।