हिसार। सिविल लाइन पुलिस ने चार नामजद व्यक्तियों और तहसील के संबंधित कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी कर मकान की फर्जी रजिस्ट्री कराने का केस दर्ज किया है। इस संबंध में शिव नगर की रहने वाली सुमन ने पुलिस को शिकायत दी थी।
शिवनगर की सुमन लता ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि वह माता-पिता के साथ धुरी (पंजाब) में जनवरी 2022 से रह रही थी। उसने शिवनगर में 50.37 गज का मकान विकास निवासी न्यू विनोद नगर से 17 नवंबर 2016 को खरीदा था। पिछले सप्ताह मकान संभालने आई तो हैरान रह गई, क्योंकि उसके मकान में शिवनगर का लक्ष्मी नारायण व प्रदीप ताला तोड़कर बैठे थे। जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह मकान आपने तो हमें बेचा है। अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि आरोपियों ने उसकी जगह दूसरी महिला को बैठाकर फर्जी हस्ताक्षर करवाकर रजिस्ट्री अपने नाम कर ली है। सिविल लाइन पुलिस ने लक्ष्मी नारायण, प्रदीप, जयसिंह, प्रवीण व तहसील के संबंधित कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।