सिरसा जिले के डबवाली में पुलिस ने अदालत में पेशी के दौरान फरार हुए डोडा पोस्त तस्करी के आरोपी सुखपाल सिंह और ड्यूटी पर तैनात सात पुलिस कर्मचारियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को तलाश करने के लिए छापे मार रही है।
बता दें कि सीआईए डबवाली की ओर से सुखपाल उर्फ सुखा निवासी गांव कराडवाला थाना सदर रामपुरा तहसील फूल जिला बठिंडा को 66 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया था। इस मामले में शहर डबवाली थाना पुलिस को दी शिकायत में ईएसआई मदन लाल ने बताया कि सोमवार को वह, ईएसआई राजबीर सिंह, इंद्रपाल, एसपीओ रिछपाल सिंह, होमगार्ड राजिंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, एसपीओ मनजीत सिंह आरोपी सुखपाल सिंह व जसकरण सिंह को डबवाली अदालत में पेश करने के लिए लेकर गए थे।
शाम करीब चार बजे वह आरोपी के पास ईएसआई इंद्रपाल, एसपीओ रिछपाल सिंह को छोड़ कर अन्य पुलिस कर्मी के साथ इंवटरी शुदा माल मुकद्दमा लेकर अदालत में गए थे। इस दौरान आरोपी सुखपाल सिंह ने एसपीओ रिछपाल को धक्का देकर गाड़ी से छलांग लगा दी और भाग गया। एसपीओ रिछपाल सिंह ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अदालत की दीवार फांदकर भागने में कामयाब हो गया।
वहीं पुलिस ने सभी कर्मचारियों व आरोपी सुखपाल सिंह पर धारा आईपीसी 223 व 224 के तहत मामला दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी सत्यवान ने बताया कि चौटाला पुलिस की सूचना पर नाकेबंदी की गई है। शहर थाना की चार, सीआईए की एक, गोरीवाला तथा चौटाला पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।