हांसी। सनातन धर्म महिला महाविद्यालय के प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व प्रधान वासुदेव गोयल व उनके बेटे पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामला प्रबंधन समिति के रिकॉर्ड, दस्तावेज व गलत तरीके से नकदी निकलवाने को लेकर दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सनातन धर्म महिला महाविद्यालय के प्राचार्य सुरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य आयुक्त द्वारा एसडीएम को महाविद्यालय का प्रशासक नियुक्त किया गया है। सितंबर 2023 में प्रशासक ने प्रबंधक समिति के पूर्व प्रधान को रिकॉर्ड गायब चोरी व गबन मिलने के बारे में लिखा था। उसका पूर्व प्रधान द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही कोई रिकॉर्ड व रुपये वापस किए गए। जिस पर एसडीएम ने उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया।
एसडीएम के प्रशासक नियुक्त होने के बाद एक सितंबर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में महाविद्यालय की प्रबंधक समिति कार्यालय का रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया। जिससे यह संज्ञान में आया कि प्रबंधक समिति के कार्यालय से सामान व रिकॉर्ड चोरी किया गया है व पैसों का गबन किया गया है। जिसमें प्राचार्य की सर्विस बुक भी है। जिसे पूर्व प्रधान अपने निवास स्थान हिसार में चोरी करके गैर कानूनी तरीके से ले गए। महाविद्यालय की दुकानों से संबंधित मासिक किराये की लिस्ट व रसीदें भी चोरी की गई हैं। महाविद्यालय की कैंटीन की फाइल एवं स्टेशनरी की जो दुकान नई खोली गई है उससे रिकॉर्ड भी गायब है।
कार्यालय के कंप्यूटर से एसएफएस से संबंधित व कुछ अन्य महत्वपूर्ण डाटा को जान बुझकर डिलीट किया गया है। कोर्ट केसों से संबंधित सभी फाइलें चोरी की गई हैं। महाविद्यालय के खाते से गलत तरीके से 1.40 लाख रुपये निकाले गए। पुलिस ने प्रबंधक समिति के पूर्व प्रधान वासुदेव गोयल, उनके बेटे व समिति के महासचिव अंकुर गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।