हरियाणा के हिसार जिले के सिवानी मंडी क्षेत्र में शहर के बीचोबीच गुरैरा मोड़ के पेट्रोल पंप के पास बाजार में शनिवार शाम करीब 7.30 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार सवार इनामी बदमाश नरेश (32) की गोलियां मारकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिवानी पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने गोलियों के खोलों को बरामद किया है। मृतक नरेश पर राजस्थान के भादरा के विधायक बलवान सिंह पूनिया के भांजे पर गोली चलाने का आरोप था। आरोपी पर पांच सौ रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के भिरानी थाने के गांव झांसल निवासी नरेश अपने मामा व एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से सिवानी के मुख्य बाजार में आया था। नरेश समेत दो लोग कार की पिछली सीट पर बैठे थे। पेट्रोल पंप के समीप अचानक ही बाइक सवार कार के बगल में पहुंचे और शीशे के सामने बैठे शख्स नरेश को निशाना बनाकर गोली चला दी।
इस वारदात में कुल सात राउंड गोलियां चलीं। वारदात को अंजाम देने के साथ ही बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से नरेश को पुलिस ने हिसार भिजवाया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटनास्थल पर सिवानी थाना सहित दोनों सीआईए, बहल थाना, डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू, एंटी व्हीकल स्टाफ ईशरवाल सहित पुलिस की 6 टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। एसपी नरेंद्र बिजारणियां ने मौके का निरीक्षण कर घटना के जल्द खुलासे का निर्देश दिया।
थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब तक यही जानकारी मिली है कि झांसल निवासी मृतक नरेश पर राजस्थान के विभिन्न थानों में कुल 9 मामले दर्ज हैं। दो मामलों में वह पुलिस का वांटेड भी था। घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।