बरवाला। जींद मार्ग पर गांव खरक पूनिया के नजदीक सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में गांव बधावड़ निवासी 46 वर्षीय सत्यवान की मौत हो गई। सत्यवान गेस्ट टीचर के पद पर गांव गुराना में कार्यरत थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मृतक सत्यवान के चचेरे भाई शमशेर ने बताया कि सुबह सत्यवान अपनी कार में पेट्रोल डलवाने खरक पूनिया के पास बने पंप पर जा रहे थे। पंप से कुछ दूर पहले ही जींद की तरफ से आए कंटेनर ने सत्यवान की कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एक साइड का अगला हिस्सा टूटकर सड़क पर बिखर गया। जबकि, सत्यवान गाड़ी में ही फंसा रह गया। राहगीरों की सहायता सत्यवान के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शमशेर के बयान पर यूपी नंबर की गाड़ी के चालक के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।