हिसार। बरवाला के नजदीक सोमवार सुबह साढ़े छह बजे सड़क पर अचानक पशु आने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार ढाणी सीसवाल निवासी 25 वर्षीय जोगिंद्र सैनी की मौत हो गई जबकि उसके साथी बाडो पट्टी निवासी पूर्ण को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार ढाणी सीसवाल निवासी जोगिंद्र फोटोग्राफी का काम करता था और गांव में दुकान है। रविवार को वह अपने साथी पूर्ण के साथ कार में सवार होकर राखी खास गांव में जलवा पूजन की कवरेज करने के लिए गया था। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे अपने साथी के साथ राखी खास से अपने गांव के लिए निकले थे। बरवाला बाईपास से होते हुए ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो अचानक कार के सामने बेसहारा पशु आ गया। इस दौरान अनियंत्रित कार पेड़ से जा टकराई। दोनों को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जोगिंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।