बरवाला। गांव धिंगताना के पास मंगलवार देर रात बाइक सवार तीन युवकों ने निजी स्कूल टीचर से गाड़ी व मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर जिला की सहायक पुलिस अधीक्षक उपासना सिंह, बरवाला थाना प्रभारी प्रह्लाद राय व हिसार सदर के थाना प्रभारी मंदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस संबंध में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। लूट का शिकार हुए जिला रेवाड़ी के गांव फतेहपुरी निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह 20 जुलाई को गांव धिंगताना में किसी कार्य से आया हुआ था। रात करीब साढ़े 11 बजे वह वापस लौटते वक्त जब हाईवे पर पहुंचा तो उन्होंने अपनी सियाज गाड़ी को सड़क के किनारे लगा दिया। इसी दौरान तीन युवक सप्लेंडर बाइक पर वहां आए और उनमें से एक ने उस पर पिस्तौल तान दी व कहा कि गाड़ी से नीचे उतर जाओ वरना गोली मार दूंगा। दीपक गाड़ी से उतरा तब हाथ में पिस्तौल लिए हुए युवक ने पिस्तौल के बल पर दीपक का मोबाइल भी छीन लिया व गाड़ी में बैठ गाड़ी को हिसार की तरफ भगा कर ले गया। बाइक पर सवार अन्य दो युवक गांव धिंगताना की तरफ भाग गए। जांच अधिकारी विरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व आरोपियों की तलाश की जा रही है।