दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदर्शन करते युवा
हिसार। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जजपा के भाजपा के साथ जाने से कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। भाजपा के नेता कैप्टन अभिमन्यु और सांसद बृजेंद्र सिंह की बात सही है कि जजपा का अब कोई जनाधार नहीं है। हिमाचल-कर्नाटक तो झांकी है, हरियाणा अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का गठबंधन देश की राजनीति में महत्वपूर्ण है। राष्ट्रहित से बढ़कर कोई काम नहीं है और इंडिया से बढ़कर कोई नाम नहीं है। एनडीए को पटखनी देने के लिए इंडिया गठबंधन के बनने के बाद भाजपा प्रेशर में है। भाजपा ने भानुमति का कुनबा इकट्ठा किया है, कहीं से ईंट, कहीं का रोड़ा जोड़कर मीटिंग दिखाने का प्रयास किया।
बुधवार को राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा सीईटी को लेकर किए जा रहे युवा कांग्रेस के प्रदर्शन की अगुवाई करने के लिए हिसार पहुंचे थे। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भर्ती के नाम पर करोड़ों के घोटाले हो रहे हैं। हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय में ही लाखों रुपये पकड़े जा रहे हैं। भर्ती के नाम पर युवाओं को बरगलाया जा रहा है। उनका समय बर्बाद किया जा रहा है। चार, पांच, सात साल की भर्तियां लटकी हुई हैं। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित एरिया में किसानों को कम से कम 40 हजार प्रति एकड़ मुआवजा प्रदान करे। मृतकों के परिवार वालों को 20 लाख की आर्थिक सहायता दी जाए। बाढ़ग्रस्त गांवों के तीन महीने के बिल माफ किए जाएं।
नौकरी के नाम पर ठगे जा रहे बेरोजगार
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। युवा विदेशों में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने का कि जिस दिन भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी, उस दिन सीईटी पास करने वाले युवाओं को मौका भी मिलेगा। धैर्य रखो ,ये सरकार जाने वाली है, नौजवानों की सरकार आने वाली है।