हांसी। एक तरफ तो नगर परिषद द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए बिल बांटे जा रहे हैं। वहीं सरकार द्वारा दी जा रही छूट का फायदा उठाने से नागरिकों को वंचित रखा जा रहा है। प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज पर छूट के आखिरी दिन नगर परिषद कार्यालय में टैक्स जमा करवाने के लिए कोई विशेष कैंप नहीं लगाया गया। जिसके चलते लोग हाउस टैक्स में छूट का फायदा उठाने से वंचित रह गए।
लगातार तीन दिन छुट्टी के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पडी। छूट का फायदा उठाने से वंचित रहने वाले उपभोक्ताओं को अब एक अगस्त से ब्याज सहित प्रॉपर्टी टैक्स भरना होगा। इधर नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि लिपिकों की हड़ताल के चलते कैंप नहीं लगा पाए।
योजना के तहत डिफाल्टर प्रॉपर्टी मालिकों को वर्ष 2010-11 से 2022-23 का बकाया गृहकर एक साथ जमा कराना था। 31 जुलाई तक ब्याज पर 30 प्रतिशत की छूट थी। छूट के साथ गृहकर जमा नहीं किया तो 1 अगस्त से अतिरिक्त 18 फीसदी ब्याज के साथ गृहकर वसूला जाएगा। शनिवार व रविवार को साप्ताहिक अवकाश था। सोमवार को शहीद ऊधम सिंह की जयंती होने के चलते सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहा। जिसके चलते लगातार तीन दिन तक परिषद कार्यालय बंद रहा। वहीं सोमवार को प्रॉपर्टी टैक्स की छूट का आखिरी दिन भी था। इसके चलते काफी संख्या में लोग परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए पहुंचे। लेकिन परिषद कार्यालय बंद रहा।
परिषद कार्यालय में छूट के आखिरी दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए कोई विशेष कैंप नहीं लगाया गया। लोगों को मलाल है कि वह छूट का फायदा नहीं उठा सके। वहीं बीते दिनों से परिषद द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स बांटने का कार्य भी चल रहा है। आखिरी तीन दिनों में कैंप न लगाए जाने से काफी लोग योजना का लाभ लेने से वंचित रहे। बता दें कि शहर में 40404 प्रॉपर्टी टैक्स यूनिट हैं। जिसमें से 26323 रिहायशी और व 7400 कॉमर्शियल यूनिट हैं। 65 इंडस्ट्रीज व 88 धार्मिक स्थल हैं।
लिपिक हड़ताल पर हैं। इसके चलते हम कैंप नहीं लगा पाए। आगामी दिनों में कैंप लगवाएंगे- राजाराम, ईओ, नगर परिषद