सूर्य नगर आरओबी के लिए लगाया मिक्चर प्लांट बंद पड़ा है।
हिसार। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सूर्य नगर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के दोनों मिक्सचर प्लांट को सील कर दिया है। साथ ही उनका ट्यूबवेल के पानी का कनेक्शन भी काट दिया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर पानी का छिड़काव न करने को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत की थी, जिस पर बोर्ड के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।
बता दें कि स्थानीय लोगों की तरफ से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत की गई थी कि ठेकेदार की तरफ से निर्माण स्थल पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। इस कारण निर्माण स्थल पर दिन भर धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस शिकायत के आधार पर प्रदूषण बोर्ड की तरफ से दोनों ठेकेदारों को नोटिस थमाया गया था। बावजूद इसके ठेकेदारों ने कोई कदम नहीं उठाया। इस पर बोर्ड के अधिकारियों ने दोनों ठेकेदारों के मिक्सचर प्लांट को सील कर दिया। साथ ही निर्माण स्थल पर लगाए गए ट्यूबवेल का कनेक्शन भी काट दिया।
निर्माण स्थल पर उड़ रही धूल
वहीं निर्माण स्थल पर अब भी पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिस कारण दिन भर मौके पर धूल-मिट्टी उड़ रही है। इससे निर्माण स्थल के आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गार्डर रखने का काम शुरू
उधर, रेलवे ओवरब्रिज पर विद्युत नगर की तरफ वाले पिलर पर गार्डर रखने का काम शुरू किया। पहले दिन शाम तक 2 गार्डर रखे गए। बाकी बचे 3 गार्डर शनिवार को रखे जाएंगे। गार्डर रखने के दौरान अर्बन एस्टेट-सूर्य नगर अंडरपास से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। हालांकि रविवार को भी अंडरपास बंद रखा जाएगा। वहीं इस बार रेलवे ट्रैक के ऊपर गार्डर रखने के दौरान ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों के बीच के समय में ये गार्डर रखे जाएंगे। हालांकि इसे लेकर पहले रेलवे की तरफ से शेड्यूल जारी किया जाएगा।