संवाद न्यूज एजेंसी हिसार। नागरिक अस्पताल में पत्नी को दवा दिलवाने आए एक व्यक्ति का बाइक चोरी हो गया। पार्किंग और अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। रावलवास खुर्द के रहने वाले सज्जन कुमार ने शहर थाना पुलिस में बाइक चोरी की शिकायत दी है। शिकायत में सज्जन कुमार ने बताया कि वह सोमवार सुबह पत्नी को दवा दिलवाने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आया था। बाइक अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वापस आया तो बाइक गायब थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।