निजी अस्पताल में उपचाराधीन घायल अधिवक्ता।
चरखी दादरी। घर से अदालत आ रहे तिवाला निवासी एक अधिवक्ता पर रास्ते में तीन बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल अधिवक्ता ने सदर थाना पुलिस से हमलावरों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिवक्ता रविंद्र ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे वो बाइक पर सवार होकर तिवाला स्थित अपने घर से अदालत आ रहा था। जब वो बिरहीकलां से आगे चलकर मैहड़ा मोड़ के समीप पहुंचा तो तीन बाइक पर सवार होकर आए 7-8 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उक्त युवकों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
अधिवक्ता रविंद्र ने बताया कि कुछ देर बाद दादरी अदालत में आ रही उसकी पत्नी सुनीता और अन्य परिजनों ने उसे संभाला। परिजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे और वहां उसका उपचार चल रहा है। अधिवक्ता का आरोप है कि हमलावर पांच हजार रुपये और कुछ दस्तावेज भी साथ ले गए।