हिसार। गांव पायल में बुधवार दोपहर को पौने दो बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने 65 साल की वृद्धा भागो देवी के गले से सोने की तबीजी छीन ली। वारदात के बाद चिड़ौद गांव की तरफ फरार हो गए। घटना का पता चलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ छीना झपटी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार भागो देवी दोपहर को घर से खेत में जाने के लिए निकली थी। खेतों के रास्ते में बाइक सवार दो अनजान युवक आए। दोनों युवक भागो देवी के पास पहुंचे। बाइक चला रहा युवक उस से बात करने लगा। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर भागो देवी के गले में पहनी हुई सोने की तबीजी छीन ली और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया जब तक कोई आता तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए। बाद में मामले के सूचना फोन पर कंट्रोल रूम में दी गई। उसके बाद कंट्रोल रूम ने वीटी कर जिले में नाकेबंदी कराई। बाद में नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने आने-जाने बाइक को रोककर चालकों से पूछताछ की। आजाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।