हांसी। सिसाय रोड पर रविवार देर शाम ढाणी पाल गांव के सरपंच सुरेंद्र की गाड़ी व एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में बाइक सवार ढाणी पाल निवासी करीब 40 वर्षीय करतार सिंह की मौत हो गई थी। सिटी थाना पुलिस ने मृतक के भतीजे रवि कुमार की शिकायत पर सरपंच सुरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में रवि कुमार ने बताया है कि वह ढाणी पाल का निवासी है। उनका चाचा करतार सिंह हांसी में सिसाय पुल पर सीमेंट की दुकान पर नौकरी पर करता था। 13 अप्रैल को उनका चाचा घर से बाइक पर सवार होकर हांसी गया था। रवि कुमार ने बताया है कि रविवार की देर शाम तक जब उनके चाचा घर नहीं पहुंचे तो उन्होंने चाचा के पास कई फोन किए, लेकिन फोन नहीं उठाए। फिर कुछ देर बाद फोन किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि यह व्यक्ति हांसी के नागरिक अस्पताल में मृत अवस्था में है। यह पता चलते ही वे नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां जाकर उन्होंने देखा कि उनके चाचा के हाथ, पैर, माथे व पेट पर चोटें लगी हुईं थीं। डॉक्टर ने उनके चाचा को मृत घोषित कर दिया था। रवि ने पुलिस को बताया है कि फिर वे दुर्घटना स्थल पर माैके पर गए। वहां देखा कि उनके चाचा का का बाइक सिसाय पुल से थोड़ा आगे सिसाय रोड पर जाकर सड़क किनारे पड़ा हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में रवि ने बताया है कि गांव के सरपंच सुरेंद्र की गाड़ी ने सामने से उनके चाचा की बाइक को टक्कर मारी है। एक्सीडेंट में लगी चोटों के कारण उनके चाचा की मृत्यु हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं सरपंच सुरेंद्र ने बताया कि हादसा होते ही वे खुद अपनी गाड़ी में घायल अवस्था में करतार सिंह को अस्पताल में लेकर आए थे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।