शहर के हांसी मार्ग पर मंगलवार दोपहर को हुए सड़क हादसे में जिला कैथल के गांव भानपुरा निवासी 25 वर्षीय सूरत की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार सूरत मंगलवार दोपहर को हांसी से अपने गांव भानपुरा के लिए बाइक पर जा रहा था। इस बीच जब वह गांव ढाणी मीरदाद के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्राले ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्राले का टायर सूरत के ऊपर से गुजर गया जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के ममेरे भाई संदीप के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक सूरत विवाहित था और वह दवाइयां बेचने का काम करता था। जांच अधिकारी एचसी सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएच हिसार में रखवा दिया है। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर उसके चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।